हम कौन हैं?
मैं जयपुर, राजस्थान का एक साधारण पिता हूं और type1india.in का फाउंडर हूं।
मेरी जिंदगी 16 जुलाई 2023 को हमेशा के लिए बदल गई, जब मेरी बेटी को टाइप 1 डायबिटीज (T1D) का पता चला। उस समय वह 20-21 साल की थी। उस दिन उसने अपना BBA (डिजिटल मार्केटिंग) फाइनल ईयर का आखिरी एग्जाम पूरा किया था। रात में उसकी सांसें तेज चलने लगीं। कुछ दिनों से वह कमजोर और पतली दिख रही थी। हमने एग्जाम के बाद डॉक्टर के पास जाने का प्लान बनाया था। शाम को डॉक्टर ने सिर्फ टेस्ट लिखे और अगले दिन आने को कहा। घर आने के दो घंटे बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। रात 12 बजे मैं उसे एसएमएस हॉस्पिटल ले गया, जहां डॉक्टर ने UTI बताया और घर भेज दिया।
सुबह 4 बजे मेरी पत्नी ने उसे देखा तो वह हिल भी नहीं पा रही थी। मैंने अपनी बेटी को गोद में उठाकर दुर्लभजी हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने DKA (डायबिटिक कीटोएसिडोसिस) बताया और तुरंत क्रिटिकल ICU में भर्ती कर दिया। दुर्लभजी हॉस्पिटल के उन डॉक्टर्स का मैं आजीवन आभारी रहूंगा, जिन्होंने उस क्रिटिकल कंडीशन को इतनी कुशलता से हैंडल किया और मेरी बेटी की जान बचाई। हम 10-15 दिन हॉस्पिटल में रहे – वो दिन हमारे लिए बहुत सदमे भरे थे।
तब से आज (27 दिसंबर 2025) तक मेरी बेटी को रोजाना 5 इंजेक्शन लेने पड़ते हैं। पहले 7 बार उंगली चुभोकर ग्लूकोज चेक करना पड़ता था, लेकिन पिछले एक-दो महीने से वह CGM (कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटर) इस्तेमाल कर रही है। अब नीडल सिर्फ इंसुलिन देने के लिए लगाई जाती है, ग्लूकोज चेक करने के लिए नहीं। इससे रोज़ाना की तकलीफ काफी कम हो गई है और मॉनिटरिंग भी आसान हो गई है।
मेरी पत्नी इस सदमे से डिप्रेशन में चली गईं, लेकिन मैं उन्हें समझाता हूं कि डरने से बेहतर है इसे समझना और हैंडल करना।
इंदौर की डॉ. सबा फैज से समय-समय पर चर्चा करने से हमें बहुत सही गाइडेंस और आसानी मिलती है – उनका भी दिल से शुक्रिया।
इन ढाई सालों में जो अनुभव हमने लिया, उसे मैं इस वेबसाइट type1india.in पर शेयर कर रहा हूं। मैंने महसूस किया कि अंग्रेजी में तो बहुत जानकारी उपलब्ध है, लेकिन भारत के कई परिवारों को हिंदी या अपनी मातृभाषा में सरल शब्दों में सामग्री नहीं मिल पाती। इसलिए यह वेबसाइट बनाई – ताकि वीडियो, ऑडियो और ब्लॉग के जरिए हर कोई टाइप 1 डायबिटीज को समझ सके, डरें नहीं, और सामान्य जीवन जी सकें।
हमारा मिशन बहुत साधारण है: भारत में T1D से प्रभावित हर व्यक्ति और परिवार को यह एहसास दिलाना कि वे अकेले नहीं हैं।
(यह जानकारी सिर्फ जागरूकता के लिए है। किसी भी मेडिकल सलाह के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।)
© 2025 Type1India.in | All Rights Reserved.
Privacy Policy | Terms of Use | Disclaimer | Sitemap
Important Disclaimer: The information on this website is for educational and awareness purposes only and is not a substitute for professional medical advice, diagnosis, or treatment. Always consult a qualified healthcare provider for any medical concerns related to Type 1 Diabetes.
Designed with ❤️ for the T1D Community in India | Available in: English | हिंदी |